News Saga Desk
रांची। गृहमंत्री अमित शाह आज रांची पहुंच रहे हैं। वे कल होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे। वह इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक गुरुवार को रांची के रेडिसन ब्लू होटल में दिन के 11 बजे से होगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रात 8.40 बजे रांची पहुंचेंगे। वे बीएसएफ के विशेष विमान से रांची आएंगे। एयरपोर्ट से वह सीधे होटल रेडिसन ब्लू पहुंचेंगे। वहां रात्रि विश्राम करेंगे।
बैठक में 20 एजेंडा पर होगी चर्चा
कल होने जा रही इस बैठक में कुल 20 एजेंडों पर चर्चा होगी। मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक को लेकर तमाम तरह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव मनोज केजरीवाल ने होटल रेडिसन ब्लू में ही मंगलवार की शाम अधिकारियों के साथ बैठक की।
जिसमें राज्य सरकार द्वारा गठित विभिन्न सेल के पदाधिकारी भी शामिल थे। बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। गृह मंत्रालय सचिवालय से भी कुछ लोग रांची पहुंचे हैं।
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में बिहार सरकार के दो मंत्री विजय चौधरी और सम्राट चौधरी शामिल होंगे। ओडिशा से मुख्यमंत्री मोहनचरण मांझी शामिल होंगे। वे गुरुवार को रांची आएंगे। उनके साथ डिप्टी सीएम पार्वती परीदा, मंत्री मुकेश महालिंगम भी शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व मंत्री चंद्रिका भट्टाचार्य करेंगी।
सीएम हेमंत सोरेन भी रहेंगे मौजूद
बैठक में सीएम हेमंत सोरेन भी रहेंगे। वे आज शाम या कल सुबह तक रांची आएंगे। मिल रही जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार की ओर से गृह मंत्रालय को मांग पत्र सौंपा जा सकता है। बताया जा रहा है कि झारखंड सरकार पत्र के माध्यम से केंद्र से बकाया राशि की मांग, विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग, एसआरइ फंड बहाली की मांग आदि कर सकता है।
कल बदलेगा रांची का ट्रैफिक
गृहमंत्री अमित शाह के राजधानी रांची आने को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 10 जुलाई की सुबह 8 बजे से राजधानी के कई प्रमुख मार्गों में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। ट्रैफिक व्यवस्था में हुए बदलाव के मुताबिक 10 जुलाई की सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक बिरसा चौक से सुजाता चौक के बीच ऑटो नहीं चलेंगे। सुबह 6 बजे से रात के 10 बजे तक रांची शहर में बड़े मालवाहक वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बिग बाजार चौक से कडरू ब्रिज के नीचे तक सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
No Comment! Be the first one.