जमशेदपुर में एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक तक बने एलिवेटेड रोड, सरयू राय ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

NEWS SAGA DESK

सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर यातायात और सड़क सुरक्षा सुधारने का आग्रह किया।

विधायक सरयू राय

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर के महत्वपूर्ण मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव और सड़क सुरक्षा को देखते हुए एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक एलिवेटेड रोड (ऊपरी पथ/फ्लाईओवर) बनाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री और पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।

विधायक सरयू राय ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क दलमा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र से होकर गुजरती है। वन क्षेत्र होने के कारण इस सड़क का सामान्य तरीके से चौड़ीकरण करना आसान नहीं है। ऐसे में भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए एलिवेटेड रोड निर्माण एक बेहतर और व्यावहारिक समाधान हो सकता है।

वन क्षेत्र के कारण सड़क चौड़ीकरण में चुनौती

सरयू राय ने कहा कि दलमा क्षेत्र पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे में सड़क विस्तार के लिए कई तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियां सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि सड़क के ऊपर ऊपरी पथ का निर्माण करने से वन क्षेत्र को कम नुकसान पहुंचेगा और यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। पथ निर्माण विभाग की ओर से इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) में आवश्यक संशोधन और टाटा स्टील से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

संकरी सड़क से दुर्घटनाओं का खतरा

विधायक ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के आगे डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क वर्तमान में काफी संकरी है। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने सुझाव दिया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक एलिवेटेड रोड बनने से यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सरयू राय ने कहा कि डिमना लेक जमशेदपुर का प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में इस मार्ग को बेहतर यातायात सुविधा से जोड़ना आवश्यक है।

इसे भी देखें:-Ranchi JPSC-JSSC Protest: Chaos in Ranchi, Major Uproar Amidst the Agitation | JPSC News Today

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-33 की तर्ज पर इस क्षेत्र में भी ऊपरी पथ का निर्माण समय की जरूरत है। इससे न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि पर्यटन गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

विधायक ने बताया कि इस प्रस्ताव को लेकर उन्होंने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से बातचीत की है। अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि परियोजना के क्रियान्वयन में कोई बड़ी तकनीकी बाधा नहीं है।

Read More News

पूर्वी सिंहभूम में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 290 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त; एक गिरफ्तार

जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्रों में चले विशेष छापेमारी अभियान के दौरान उत्पाद विभाग ने कई अवैध...

जमशेदपुर में एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक तक बने एलिवेटेड रोड, सरयू राय ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री को पत्र...

Read More