झारखंड के हजारीबाग में बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हलचल तेज हो गई। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू स्थित बाबा पथ और सुभाष बारला मार्ग पर दो सगे भाइयों के आवासीय परिसरों में एक साथ छापेमारी की।
NEWS SAGA DESK
झारखंड के हजारीबाग में बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हलचल तेज हो गई। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू स्थित बाबा पथ और सुभाष बारला मार्ग पर दो सगे भाइयों के आवासीय परिसरों में एक साथ छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जाली भारतीय करेंसी (FICN) और हवाला नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध इनपुट के आधार पर की जा रही है।
उदय साव और प्रदीप साव के ठिकानों पर छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, NIA की जांच के दायरे में आए दोनों भाइयों की पहचान उदय साव और प्रदीप साव के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और लंबे समय से हजारीबाग के हुरहुरू इलाके में रह रहे हैं। हालांकि, उनके मूल निवास से संबंधित विस्तृत जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मोबाइल, लैपटॉप और बैंक दस्तावेजों की जांच
छापेमारी के दौरान NIA की टीम के साथ स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों परिसरों को घेर लिया गया और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। जांच अधिकारियों ने घरों में मौजूद मोबाइल फोन, लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक खातों से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। इसके अलावा जमीन-जायदाद के कागजात और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले गए। एजेंसी का मुख्य फोकस कथित वित्तीय नेटवर्क से जुड़े सुराग जुटाने पर बताया जा रहा है।
एक घर में जांच पूरी, दूसरे ठिकाने पर पूछताछ जारी
सूत्रों के अनुसार, दोनों भाइयों में से एक के आवास पर जांच की प्रक्रिया पूरी कर टीम आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद वहां से निकल गई। वहीं, दूसरे भाई के परिसर में दस्तावेजों की जांच और पूछताछ जारी रही। इस कार्रवाई को कथित अंतरराज्यीय जाली नोट तस्करी और हवाला नेटवर्क की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, अब तक NIA की ओर से छापेमारी के उद्देश्य, बरामदगी या किसी संभावित गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
No Comment! Be the first one.