किसके हाथ होगी झारखंड स्टेट बार काउंसिल की कमान, आज आएगा अध्यक्ष पद का नतीजा

झारखंड स्टेट बार काउंसिल को आज नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के प्रतिनिधि पद के लिए बुधवार, 4 नवंबर को मतदान शुरू हो गया है

NEWS SAGA DESK

झारखंड स्टेट बार काउंसिल को आज नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के प्रतिनिधि पद के लिए बुधवार, 4 नवंबर को मतदान शुरू हो गया है। रांची के डोरंडा स्थित बार काउंसिल कार्यालय में हो रहे इस चुनाव को लेकर राज्यभर के अधिवक्ताओं की निगाहें टिकी हुई हैं। खास बात यह है कि मतदान के बाद आज ही मतगणना होगी और नतीजों का ऐलान भी कर दिया जाएगा।

अध्यक्ष पद पर दो दिग्गजों के बीच सीधी लड़ाई

इस बार अध्यक्ष पद का मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार आमने-सामने हैं। पहले इस पद के लिए पवन रंजन खत्री भी चुनावी मैदान में थे, लेकिन उन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। उनके हटने के बाद अब अध्यक्ष पद की लड़ाई सीधे दो उम्मीदवारों के बीच सिमट गई है। दोनों प्रत्याशियों की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं। चुनावी नतीजों को लेकर अधिवक्ताओं के बीच भी चर्चाओं का दौर जारी है।

उपाध्यक्ष और BCI प्रतिनिधि पद पर भी मुकाबला

अध्यक्ष पद के अलावा उपाध्यक्ष पद के लिए भी चार उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें रिंकू भकत, अनिल कुमार महतो, मधुलता रानी और मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव शामिल हैं। वहीं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि सदस्य के चुनाव में संजय कुमार विद्रोही, प्रशांत कुमार सिंह और मनोज कुमार (द्वितीय) के बीच मुकाबला है। ऐसे में तीनों महत्वपूर्ण पदों के नतीजों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

महज 26 वोटर करेंगे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

इस चुनाव की सबसे खास बात मतदाताओं की संख्या है। कुल 26 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें बार काउंसिल के 25 निर्वाचित सदस्य और झारखंड के महाधिवक्ता शामिल हैं। कम मतदाताओं के कारण हर एक वोट को बेहद अहम माना जा रहा है। चुनाव से पहले प्रत्याशियों ने समर्थन जुटाने के लिए लगातार संपर्क और बैठकों का सहारा लिया। संभावित वोटों के समीकरण से लेकर जीत की रणनीति तक, हर स्तर पर कोशिशें की गईं।

जस्टिस अंबुज नाथ की निगरानी में मतदान

पूरी चुनाव प्रक्रिया मुख्य चुनाव पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ की निगरानी में संपन्न कराई जा रही है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष की कुर्सी पर अभय कुमार चतुर्वेदी बैठेंगे या निलेश कुमार बाजी मारेंगे। इसका जवाब आज मतगणना के बाद मिल जाएगा।

Read More News

Read More