News Saga Desk
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में एक गंभीर चूक सामने आई है। वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल में शनिवार रात आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। उस वक्त राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी मंच पर मौजूद थे। जैसे ही फायरिंग की आवाज सुनाई दी, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने ट्रंप को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, गोली चलने की आवाज मिलते ही यूएस सीक्रेट सर्विस ने तेजी से कार्रवाई की। एजेंट्स ने अलर्ट जारी करते हुए ट्रंप को स्टेज से हटाया और बाहर ले गए। उनके साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कैबिनेट के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिन्हें भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
यह घटना वॉशिंगटन डीसी में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई। इस कार्यक्रम में ट्रंप के अलावा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी शामिल थे।
घटना के करीब एक घंटे बाद ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और स्थिति को संभालने में सीक्रेट सर्विस व अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सराहना की।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि यह घटना अचानक हुई, जहां एक व्यक्ति कई हथियारों के साथ सिक्योरिटी चेकपॉइंट में घुस आया। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। उन्होंने इस घटना को देश के संविधान पर हमला बताया।
फायरिंग के दौरान एक अधिकारी घायल हुआ, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिसकी वजह से उसकी जान बच गई। ट्रंप ने बताया कि अधिकारी की हालत स्थिर है और उसका मनोबल काफी मजबूत है। उन्होंने अधिकारी के साहस की भी सराहना की।
No Comment! Be the first one.