बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन अदालती फैसलों के नाम रहा। एक तरफ सुप्रीम कोर्ट ने बाहुबली नेता आनंद मोहन की रिहाई रद्द कर एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया, तो दूसरी तरफ लालू परिवार को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है।
NEWS SAGA DESK
बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन अदालती फैसलों के नाम रहा। एक तरफ सुप्रीम कोर्ट ने बाहुबली नेता आनंद मोहन की रिहाई रद्द कर एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया, तो दूसरी तरफ लालू परिवार को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। IRCTC होटल घोटाले से जुड़े मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को राहत नहीं मिली। हाईकोर्ट ने निचली अदालत के उस आदेश को बरकरार रखा है, जिसमें तीनों के खिलाफ आरोप तय किए गए थे। यानी अब इस मामले में ट्रायल आगे बढ़ेगा।
दरअसल, लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के 13 अक्टूबर 2025 के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इन याचिकाओं पर जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा की पीठ ने सुनवाई की और सभी याचिकाएं खारिज कर दीं।अदालत ने साफ कहा कि आरोप तय करने का निचली अदालत का आदेश बरकरार रहेगा। इस मामले में लालू परिवार के अलावा अन्य आरोपियों की याचिकाएं भी खारिज की गई हैं।
यह मामला उस समय का है, जब लालू प्रसाद यादव केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे। सीबीआई के मुताबिक, साल 2004 से 2009 के बीच रेलवे के रांची और पुरी स्थित BNR होटलों के संचालन और रखरखाव का ठेका देने में कथित अनियमितताएं की गईं।जांच एजेंसी का आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर कर निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया गया और इसके बदले पटना की कीमती जमीन बेहद कम कीमत पर लालू परिवार से जुड़ी कंपनी तक पहुंचाई गई।
सीबीआई ने इस कथित लेनदेन को भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश से जुड़ा मामला बताया है। अक्टूबर 2025 में राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप तय किए थे।हालांकि, लालू परिवार ने इन आरोपों को चुनौती देते हुए अपने खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं होने की दलील दी थी।
लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिलने के बाद अब इस मामले में ट्रायल आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। ध्यान रहे, आरोप तय होना दोष सिद्ध होना नहीं है। अब अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपों की सच्चाई और बचाव पक्ष की दलीलों की जांच होगी।
No Comment! Be the first one.