बिहार में निशांत कुमार को मिली Z श्रेणी सुरक्षा, विजय सिन्हा की सुरक्षा में कटौती

बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। नई व्यवस्था के तहत कई प्रमुख नेताओं की सुरक्षा श्रेणियों में बदलाव किया गया है, जिसे राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।

निशांत कुमार को Z श्रेणी सुरक्षा

गृह विभाग के आदेश के अनुसार, निशांत कुमार को Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। वे हाल ही में सक्रिय राजनीति में आए हैं और 8 मार्च को जेडीयू जॉइन करने के बाद लगातार संगठनात्मक गतिविधियों में जुटे हुए हैं। उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और प्रस्तावित बिहार यात्रा को देखते हुए यह सुरक्षा दी गई है।

डिप्टी सीएम को भी Z श्रेणी

राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्रियों विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को भी Z श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इस श्रेणी में उच्च प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं, जो आधुनिक हथियारों से लैस रहते हैं। उनकी सुरक्षा दो स्तरों पर सुनिश्चित की जाएगी। एक मोबाइल सुरक्षा और दूसरी आवास पर स्थायी तैनाती।

श्रवण कुमार को Y+ सुरक्षा

वहीं, पूर्व मंत्री श्रवण कुमार को Y+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है, जो मध्यम स्तर की लेकिन महत्वपूर्ण सुरक्षा मानी जाती है।

विजय सिन्हा की सुरक्षा घटी, समर्थकों में नाराजगी

वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पिछली सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का जिम्मा संभाल रहे थे. मंत्री रहते हुए जनसुनवाई और कार्रवाई की वजह से काफी चर्चा में रहे थे. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए विजय सिन्हा भी दावेदार माने जा रहे थे। लेकिन, पार्टी ने उनसे ही सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव पेश करवा दिया, जिसके चलते उनके समर्थक खासा नाराज दिख रहे हैं. सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारे में सिन्हा समर्थक खुले रूप से अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। अब सुरक्षा घटाए जाने के बाद यह नाराजगी और तेज हो सकती है। हालांकि गृह विभाग के अधिकारियों ने वजह बताते हुए कहा कि वे डिप्टी सीएम नहीं हैं और मंत्री भी नहीं हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा से संबंधित नया फैसला लिया गया है।

गृह विभाग के इस फैसले को केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि राजनीतिक संकेतों के रूप में भी देखा जा रहा है, जिसका असर आने वाले समय में राज्य की राजनीति पर पड़ सकता है।

Read More News

Read More