फुलेरा में फिर मचेगा सियासी घमासान! लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ अपने पांचवें सीजन के साथ वापसी कर रही है। इस बार नए प्रधान और बनराकस की योजनाओं से गांव की राजनीति में आएगा बड़ा बदलाव। सचिव जी के सामने होंगी नई चुनौतियां और दर्शकों को मिलेगा हंसी व मनोरंजन का नया दौर।
News Saga Desk
मुंबई: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ अपने पांचवें सीजन के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। प्राइम वीडियो ने नए सीजन की रिलीज को लेकर घोषणा की है। इस बार फुलेरा गांव में सत्ता का समीकरण बदलने वाला है। गांव की राजनीति में नए विवाद, बदलते रिश्ते और दिलचस्प घटनाक्रम दर्शकों को हंसी, भावनाओं और मनोरंजन का नया अनुभव देंगे।
द वायरल फीवर (टीवीएफ) के बैनर तले बनी इस सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसकी कहानी दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने तैयार की है। पांचवें सीजन में जितेंद्र कुमार एक बार फिर सचिव जी के किरदार में दिखाई देंगे। उनके साथ रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपने लोकप्रिय किरदारों में वापसी करेंगे।
फुलेरा में बदलेगी गांव की राजनीति
नए सीजन में फुलेरा की सत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। गांव को नया मुखिया मिल चुका है और बनराकस प्रधानपति की भूमिका में अपनी नई योजनाओं के साथ सत्ता संभालता नजर आएगा। ऐसे में सचिव जी और गांव के अन्य प्रमुख किरदारों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि नई व्यवस्था फुलेरा की तस्वीर बदलती है या गांव की राजनीति में नए विवाद पैदा करती है।
नए सीजन को लेकर निर्माताओं में उत्साह
प्राइम वीडियो इंडिया के मनीष मेंघानी ने कहा कि पिछले चार सीजन में फुलेरा और उसके किरदार दर्शकों के जीवन का अहम हिस्सा बन गए हैं। पांचवें सीजन के माध्यम से इस लोकप्रिय कहानी को आगे बढ़ाना उनके लिए गर्व की बात है।
वहीं, टीवीएफ के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा कि ‘पंचायत’ की सफलता का आधार इसके सहज किरदार, आपसी रिश्ते और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े पल हैं। उन्होंने नए सीजन में आने वाली चुनौतियों, बदलते रिश्तों और अप्रत्याशित मोड़ों को लेकर उत्साह जताया।
No Comment! Be the first one.