रांची: सिल्ली में घर में घुसा बाघ, गांव में मची अफरा-तफरी और दहशत

News Saga Desk

रांची। सिल्ली प्रखंड के मारदू गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक बाघ जैसे विशालकाय जानवर को गांव में घूमते हुए देखा गया। कुछ ही देर बाद बाघ भोजन की तलाश में गांव के निवासी पुरंदर महतो के घर में घुस गया। साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए पुरंदर महतो ने बाघ को घर में बंद कर दिया। सौभाग्यवश, जिस कमरे में बाघ घुसा था, उसमें उस वक्त कोई भी मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत सिल्ली थाना पुलिस और वन विभाग को सूचित किया।

बाघ के घर में घुसने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते पुरंदर महतो के घर के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाघ को घर के अंदर देख पूरे गांव में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गांव के कई लोगों ने सुबह के वक्त उस जानवर को गांव की गलियों में घूमते हुए देखा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुरंदर महतो बकरी लेकर घर से बाहर निकले, उसी समय बाघ अंदर घुस गया।

फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और बाघ को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे घरों में ही रहें और अनावश्यक रूप से घटनास्थल के पास न जाएं।


Read More News

रांची GPO परिसर में दोपहर 3 बजे होगा प्रदर्शन, पेंशन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर डाक विभाग को भेजा जाएगा ज्ञापन

झारखंड के डाक पेंशनर्स 11 सूत्री मांगों को लेकर 10 अगस्त को रांची GPO परिसर में धरना-प्रदर्शन...

Read More