ऋषभ पंत चोट के चलते शुरुआती दो मैचों से बाहर, झारखंड के कुमार कुशाग्र को इंडिया-ए में मौका

NEWS SAGA DESK

न्यूजीलैंड-A के खिलाफ शुरुआती दो मल्टी-डे मुकाबलों से ऋषभ पंत चोट के कारण बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने उनकी जगह बोकारो, झारखंड के प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को इंडिया-A टीम में शामिल किया है। पढ़ें पूरी खबर।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड-A के खिलाफ खेली जाने वाली आगामी अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज (मल्टी-डे मुकाबलों) के लिए इंडिया-A टीम में बड़ा बदलाव किया है। स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत बाईं तरफ खिंचाव (लेफ्ट-साइड स्ट्रेन) की समस्या के कारण शुरुआती दो मल्टी-डे मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। पंत की गैरमौजूदगी में चयनकर्ताओं ने झारखंड के बोकारो निवासी और उभरते हुए प्रतिभावान विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (Kumar Kushagra) पर भरोसा जताते हुए उन्हें इंडिया-A टीम में शामिल किया है।

न्यूजीलैंड-A के खिलाफ

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने कुमार कुशाग्र के इस चयन पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि वह इंडिया-A के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन करेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।

ईरानी कप के दौरान चोटिल हुए थे ऋषभ पंत

ऋषभ पंत का न्यूजीलैंड-A के खिलाफ सीरीज में खेलना शुरुआत से ही उनकी फिटनेस पर निर्भर कर रहा था। हाल ही में संपन्न हुए ईरानी कप मुकाबले में ‘रेस्ट ऑफ इंडिया’ की कप्तानी करते हुए पंत को शरीर के बाएं हिस्से की मांसपेशियों में खिंचाव का सामना करना पड़ा था। हालांकि, पंत की कप्तानी में रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर को पराजित कर ईरानी कप का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन बल्लेबाजी के लिहाज से यह मैच पंत के लिए निराशाजनक रहा। उन्होंने पहली पारी में सिर्फ 10 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में वे केवल 8 रन ही बना सके थे।

मैच के दौरान आई इस चोट ने उनकी फिटनेस पर सवालिया निशान लगा दिया था। अब बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने स्पष्ट किया है कि पंत अभी शुरुआती दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

तीसरे मुकाबले पर सस्पेंस जारी, मेडिकल स्टाफ की निगरानी में पंत

बीसीसीआई के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ऋषभ पंत फिलहाल बोर्ड के मेडिकल स्टाफ की गहन निगरानी में हैं और बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में तेजी से रिकवर कर रहे हैं। हालांकि, आगामी अंतरराष्ट्रीय दौरों और व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई पंत की वापसी को लेकर किसी भी प्रकार की जल्दबाजी के मूड में नहीं है। तीसरे और अंतिम मल्टी-डे मैच में पंत की मैदान पर वापसी होगी या नहीं, इस पर अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा। मेडिकल टीम द्वारा उनकी फिटनेस का विस्तृत आकलन करने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होगी।

Read More News

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम से की मुलाकात

झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची में ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम से...

Read More