NEWS SAGA DESK
रांची :- राजधानी रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर तुपुदाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए रेप के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि महिला को किसी वाहन से कुचल दिया गया हो। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना है। अधिकारियों का मानना है कि पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और संभावित आरोपितों तक पहुंचना आसान होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतका की शिनाख्त की जा सके।
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
No Comment! Be the first one.