रांची- दिल्ली फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 4 सांसदों को झेलनी पड़ी दिक्कतें

News Saga Desk

रांची। रांची से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में रविवार को तकनीकी खराबी आ गई, जिससे विमान करीब दो घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा। इस वजह से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। जानकारी देर से मिलने के कारण यात्री नाराज दिखे। बाद में खराबी ठीक न होने पर फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।इस विमान में कुल 180 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। झारखंड के चार सांसदों को भी इसी फ्लाइट से दिल्ली जाना था, जहां सोमवार से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। बीजेपी सांसद आदित्य साहू और राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा भी इस विमान में सवार थे।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से रांची पहुंची फ्लाइट (IX-1199) शाम 4:52 बजे आई थी, जबकि रांची से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट (IX-1200) शाम 6 बजे रवाना होनी थी। लेकिन टेक्निकल जांच के दौरान इसमें गड़बड़ी पाई गई, जिसे सुधारने की कोशिश करीब डेढ़ घंटे तक चली। समस्या का समाधान न होने पर फ्लाइट को ग्राउंडेड घोषित कर दिया गया। विमान के रद्द होने की सूचना मिलने पर यात्रियों ने नाराज़गी जाहिर की और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। इसके बाद एयरलाइन ने कुछ यात्रियों को रांची से कोलकाता होते हुए दिल्ली भेजने का विकल्प दिया। सांसद आदित्य साहू और प्रदीप वर्मा भी कोलकाता के लिए रवाना हुए और रात वहीं होटल में बिताई। सोमवार सुबह वे कोलकाता से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। अन्य दो सांसद कालीचरण सिंह मुंडा और विद्युत वरण महतो सोमवार की सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, विमान में आई खराबी को ठीक करने के लिए दिल्ली से आवश्यक पुर्जे मंगवाए गए हैं। विमान को उड़ान की अनुमति तभी दी जाएगी जब डीजीसीए से स्वीकृति मिल जाएगी। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से कहा गया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। रद्द फ्लाइट के यात्रियों को अगली सुबह की फ्लाइट में समायोजित किया गया और जिन्हें टिकट कैंसिल कराना था, उन्हें पूरा रिफंड दिया गया। इसके अलावा, मुंबई और पुणे जैसे अन्य स्थानों के यात्रियों के लिए अलग फ्लाइट या ट्रांसफर की व्यवस्था भी की गई।


Read More News

कांके की ऐतिहासिक बेकन फैक्ट्री फिर होगी गुलजार? मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया निरीक्षण

रांची के कांके स्थित ऐतिहासिक बेकन फैक्ट्री का मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने निरीक्षण किया। फैक्ट्री...

Read More