रांची में 17 सिटी बसों का परिचालन स्थायी रूप से बंद, शहरवासियों को नई बसों का इंतजार

News Saga Desk

रांची। राजधानी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की लाइफलाइन कही जाने वाली सिटी बसों का संचालन स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। रातु रोड से तुपुदाना जाने वाली सिटी बसों (स्वराज माजदा) का संचालन 26 जुलाई से बंद है। रांची में सिटी बस सेवा की शुरुआत साल 2010 में हुई थी। 15 साल पूर्व खरीदी गई सिटी बसों की लाइफ पूरी हो चुकी है। इसलिए 17 पुरानी सिटी बसों (स्वराज माजदा) का परिचालन बंद कर दिया गया है।

वर्तमान में साल 2016 में खरीदी गई 24 सिटी बसों का ही परिचालन किया जा रहा है। रांची नगर निगम की ओर से 26 जुलाई से ही इन 17 पुरानी सिटी बसों का परिचालन बंद कर दिया है। नगर निगम के इस निर्णय से आम लोगों को परेशानी हो रही है। पुरानी सिटी बसों के कर्मियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।

पिछले 15 वर्षों से यह बस सेवा शहरवासियों के लिए यातायात व बस चालकों के लिए रोजगार का बेहतर साधन था। अब यात्रियों को नई बसों का इंतजार है। रांची नगर निगम की ओर से 244 नई सिटी बसों का परिचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। यात्रियों ने भी कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से रांची नगर निगम का निर्णय हमारे हित में है। इसलिए जितना जल्द नई सिटी बसों का संचालन शुरू होगा, यात्रियों के लिए उतना ही फायदेमंद साबित होगा।

सिटी बस यात्रियों के लिए बहुत ही सुविधाजनक था। अब कांटाटोली से तुपुदाना जाने के लिए ऑटो का किराया अधिक लगता है। इसलिए रांची नगर निगम की ओर से जल्द से जल्द सिटी बस सेवा शुरू की जाए। – सुजीत चौरसिया, कोकर।

सिटी बसें थीं तो तुपुदाना स्थित परीक्षा केंद्र समय पर पहुंच जाते थे। बार-बार गाड़ी बदलने की आवश्यकता नहीं होती थी। पुरानी बसों की स्थिति वाकई में बुरी हो चुकी थी। अब नई बसें आएंगी तो यात्रा और सुगम होगी। – पूनम कुमारी, आरा गेट।

मेरा ऑफिस हिनू चौक के समीप है। मैं रोजाना इसी बस से यात्रा करता था। महज 20 रुपये में ही समय पर ऑफिस पहुंच जाता था, लेकिन अब ऑटो से जाने पर दो गुना खर्च हो रहा है। – राजीव सिंह, लोवाडीह।

मैं निर्मला कॉलेज की छात्रा हूं। अक्सर इसी बस से आना-जाना करती थी। खुद को सुरक्षित भी महसूस करती थी, लेकिन अब बार-बार रिक्शा बदलने में परेशानी होती है। अब नई सिटी बस का इंतजार है। – रूपा कुमारी, छात्रा।

पुरानी 17 सिटी बसों का परिचान बंद कर दिया गया है। इसलिए आम लोगों को परेशानी हो रही है। जल्द ही नगर निगम क्षेत्र में 244 नई सिटी बसों का परिचालन होगा। टेंडर प्रक्रिया के बाद अब विभागीय स्तर पर प्रोसेस जारी है। जल्द ही शहरवासियों को नई सिटी बसों का लाभ मिलेगा।– संजय कुमार, अपर प्रशासक, रांची नगर निगम।


Read More News

छठ पूजा के रंग में रंगीं अक्षरा सिंह, नहाय-खाय का प्रसाद बनाते वीडियो वायरल, लालू-राबड़ी समेत कई नेताओं को दिया न्योता

भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने छठ पूजा पर नहाय-खाय का प्रसाद बनाते वीडियो शेयर किया। लालू यादव,...

झारखंड में छात्रवृत्ति भुगतान में देरी पर AISF ने राज्यपाल से की मुलाकात, कल्याण मंत्री से मांगा इस्तीफा

झारखंड में 2023 से छात्रवृत्ति भुगतान लंबित होने का आरोप लगाते हुए AISF ने राज्यपाल संतोष गंगवार से...

छठ पूजा के पहले दिन दर्दनाक हादसा, गंगा स्नान करने जा रहे दंपती समेत तीन श्रद्धालुओं की मौत, तीन गंभीर

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पहले दिन शुक्रवार को बिहार के कटिहार जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो...

Read More