News Saga Desk
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने पटना स्थित आवास में चोरी होने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने सचिवालय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय को नामजद आरोपी बनाया है।
तेज प्रताप यादव के अनुसार, उनके 42 हार्डिंग रोड स्थित आवास की आलमारी से पार्टी फंड के 20 लाख रुपये नकद, दो तोले की सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, आईपैड, मैकबुक, लैपटॉप और आईफोन चोरी हो गए हैं। उनका दावा है कि यह घटना 22 जून को हुई।
शिकायत में कहा गया है कि वैशाली जिले के विशनपुर सैद अली मनियारपुर निवासी मोतीलाल राय ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। तेज प्रताप ने बताया कि घटना वाली रात करीब 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर बाहर जाते हुए देखा था। दोनों को मामले का प्रत्यक्ष गवाह बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तेज प्रताप यादव ने पुलिस को चोरी की पूरी जानकारी दी और आवास के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण भी कराया।
उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। फिलहाल सचिवालय थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में तेज प्रताप यादव लगातार विवादों और शिकायतों को लेकर चर्चा में रहे हैं। दो दिन पहले ही उन्होंने आकाश यादव के खिलाफ भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
No Comment! Be the first one.