News Saga Desk
आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास समेत दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्रियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती को सुल्तानपुर की विशेष MP-MLA कोर्ट ने वर्ष 2014 के आचार संहिता उल्लंघन मामले में तलब किया है। अदालत ने सभी आरोपियों को 15 मई को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
विशेष शासकीय अधिवक्ता कालिका प्रसाद मिश्र के अनुसार, मामला 6 मई 2014 का है। उस समय डॉ. कुमार विश्वास अमेठी लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार थे। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन कोतवाल मोहम्मद हमीद ने उन्हें और उनके समर्थकों को निर्वाचन क्षेत्र छोड़ने का निर्देश दिया था, क्योंकि वे स्थानीय मतदाता नहीं थे। चुनाव आयोग के नियमों के तहत मतदान से 48 घंटे पहले बाहरी व्यक्तियों के क्षेत्र में रुकने पर प्रतिबंध रहता है।
बताया गया कि प्रशासन द्वारा कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन, सोमनाथ भारती और उनके समर्थकों ने क्षेत्र नहीं छोड़ा। इसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया था।
यह मामला पहले अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में विचाराधीन था, लेकिन हाल ही में इसे विशेष MP-MLA मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत में स्थानांतरित किया गया। अदालत ने 30 अप्रैल को मामले का संज्ञान लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ समन जारी किया।
अब 15 मई को होने वाली अगली सुनवाई में सभी आरोपियों को अदालत में उपस्थित होना होगा। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
No Comment! Be the first one.