झारखंड में मौसम का कहर, रांची समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, वज्रपात से 8 लोगों की मौत

झारखंड में मौसम का कहर जारी। रांची समेत कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी। आकाशीय बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत, कई घायल।

News Saga Desk

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के दक्षिणी जिलों में सोमवार को तेज हवा, गरज और बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में वज्रपात की भी आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार तक बादल छाए रहने और बारिश होने का पूर्वानुमान है। साथ ही 23 जून तक पूरे झारखंड में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की उम्मीद जताई गई है। फिलहाल मानसून ट्रफ हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्रचलम, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है, जिसके प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है।

रविवार को राजधानी रांची में सुबह से ही बादल छाए रहे और 35.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, राज्य में सबसे अधिक 40.2 मिमी वर्षा धनबाद में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम में 13.8 मिमी और हजारीबाग में 6.3 मिमी बारिश हुई। कई अन्य जिलों में भी तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई।

इस बीच, आकाशीय बिजली ने राज्य में भारी तबाही मचाई। रविवार को वज्रपात की चपेट में आने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

मृतकों में संताल परगना और कोयलांचल क्षेत्र के चार लोग, जबकि खूंटी और रामगढ़ जिले के दो-दो लोग शामिल हैं। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

Read More News

माध्यमिक आचार्य नियुक्ति मामला: हाई कोर्ट ने JSSC से मांगा जवाब, अभ्यर्थियों की शिकायतों पर 30 जून को अगली सुनवाई..

NEWS SAGA DESK उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट नहीं मिलने से आपत्ति दर्ज कराने का अवसर गंवाने का दावा,...

Khesari Lal Yadav News: भरत तिवारी के परिवार के साथ खड़े हुए भोजपुरी स्टार, बोले- न्याय के लिए लड़ाई जारी रखिए

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचे और भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात की।...

Read More