योगी आदित्यनाथ बोले: योग से तपा शरीर, रोग और बुढ़ापे से रहता है दूर

News Saga Desk

झांसी | झांसी प्रवास के दूसरे दिन 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक झांसी किले की तलहटी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने की भारतीय परंपरा है। उन्होंने कहा, “हमें नियमित योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। जिसके पास योग से तपा हुआ शरीर है, वहां न रोग होता है और न ही बुढ़ापा जल्दी आता है। इन समस्याओं से बचने के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज पूरी दुनिया योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रही है। इससे भारत की संस्कृति, परंपरा और विरासत को विश्व मंच पर सम्मान मिला है तथा 140 करोड़ भारतीयों का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।

योग शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में जोड़ने का माध्यम है। योग के नियमित अभ्यास से न केवल बीमारियों से बचाव संभव है, बल्कि व्यक्ति लंबे समय तक सक्रिय और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया। योग दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और योग के लाभों को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति मानवेंद्र सिंह, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, सांसद अनुराग शर्मा, विधायक रवि शर्मा, एमएलसी रमा निरंजन, रामतीर्थ सिंघल, विधायक राजीव सिंह ‘परीछा’, भाजपा के दोनों जिलाध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अधिकांश जनप्रतिनिधियों का नाम लिया, लेकिन एक एमएलसी का नाम उल्लेखित न होने की चर्चा कार्यक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में होती रही।

Read More News

जयपाल सिंह स्टेडियम छात्र आंदोलन: सरकार ने भेजा वार्ता का प्रस्ताव, गतिरोध खत्म होने के संकेत

रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे छात्रों से राज्य सरकार ने औपचारिक बातचीत का प्रस्ताव...

Read More