NEWS SAGA DESK
कोडरमा : जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। देर रात हुई हिंसक झड़प में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि आक्रोशित लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी और थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार राजकुमार यादव देर रात विधायक डॉ. नीरा यादव के साथ एक कार्यक्रम में शामिल थे। झुमरीतिलैया से लौटने के दौरान उन्हें गांव में जमीन विवाद की सूचना मिली, जिसके बाद वह चितरपुर स्थित अपने घर पहुंचे। बताया जाता है कि वहां पहले से ही गोतिया परिवार के लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक घर पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे राजकुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना में मृतक की बेटी सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव भी घायल हुए हैं। सभी का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है। सोनिका कुमारी ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो उन पर भी हमला किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान मृतक की मां के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद गांव में तनाव बना हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव सदर अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विवाद की जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी। समय रहते कार्रवाई होती तो घटना टाली जा सकती थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों और विधायक समर्थकों ने शव रखकर कोडरमा थाना के सामने रांची-पटना मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी विकास पासवान को हटाने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटे रहे।
No Comment! Be the first one.