रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर बनेंगे 10 नए स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट

NEWS SAGA DESK

रांची : राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए रांची पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों पर 10 नए स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनाने की तैयारी पूरी कर ली है। इस पहल से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी तथा यातायात प्रबंधन भी अधिक प्रभावी होगा।

रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि किसी भी शहर की पहचान उसकी ट्रैफिक व्यवस्था से होती है। राजधानी को जाममुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। अवैध पार्किंग और अवैध बस स्टैंडों को हटाने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है। आम लोगों के सहयोग से ही रांची को जाममुक्त और व्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है।

स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट के लिए जिन स्थानों का चयन किया गया है उनमें फिरायालाल चौक, हिनू चौक, एजी मोड़, न्यू मार्केट चौक, चांदनी चौक, नेवरी गोल चक्कर, बिरसा चौक, शालीमार बाजार, शहीद मैदान, कटहल मोड़ और नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन चौक शामिल हैं।

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि इन स्मार्ट ट्रैफिक पोस्टों पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती रहेगी। पुलिसकर्मी सुबह से देर शाम तक ड्यूटी पर रहकर यातायात संचालन की निगरानी करेंगे। इससे बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी समस्याओं पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।

रांची पुलिस का मानना है कि स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनने के बाद यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारु होगी तथा पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

Read More News

भारतमाला परियोजना में दुलमी को बड़ी सौगात, कुल्ही में अंडरपास, सोंटाई में ऊपरी पुल और बरियातू में पैदल पुल को मंजूरी

भारतमाला परियोजना के तहत रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे...

Read More