Bihar Election 2025: राहुल गांधी भागलपुर में करेंगे चुनावी सभा, मुंगेर से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ इस रूट पर होगी यात्रा

News Saga Desk

भागलपुर। लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी 17 अगस्त को सासाराम से अपनी मतदाता अधिकार यात्रा की शुरुआत करेंगे। उनका भागलपुर दौरा 22 और 23 अगस्त को संभावित है। कांग्रेसियों ने इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है।

बाढ़ के कारण भागलपुर से अकबरनगर मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग पर विचार किया जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परवेज जमाल ने यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस की टीम मुंगेर से भागलपुर की सीमा घोरघट में राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होगी। अजय वि नाथ में पूजा-अर्चना के बाद वे लोगों से बात करेंगे।

इसके बाद अकबरनगर होते हुए खरैया विद्यालय में जलपान के दौरान लोगों से मिलेंगे। इसके बाद मकंदपुर चौक होते हुए यात्रा चंपानगर, नाथ नगर, मुस्लिम स्कूल, तातारपुर चौक, लोहिया पुल, पटलबाबू मार्ग, घंटाघर, कचहरी चौक और तिलकामांझी चौक होते हुए जीरो माइल चौक पहुंचेगी। इसके बाद वे विक्रमशिला सेतु होते हुए नवगछिया के लिए रवाना होंगे। नवगछिया के कोर्ट परिसर स्थित गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम की संभावना को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई है। वहां से वे कटिहार और पूर्णिया के लिए रवाना होंगे।

जिलाध्यक्ष परवेज जमाल ने बताया कि अगर अकबरनगर मुख्य मार्ग में बाढ़ का पानी आता है, तो यात्रा शाहकुंड होते हुए भागलपुर पहुंचेगी। इस विकल्प पर विचार किया जा रहा है। मंगलवार को सुबह 11 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक होगी। इसमें यात्रा की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वेणु गोपाल, के राजू समेत कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। मंगलवार को सुबह 11 बजे बैठक होगी।


Read More News

Read More