सोते समय धँसा घर, जमींदोज हुआ पूरा परिवार; बाल-बाल बचे सभी लोग

News Saga Desk

धनबाद। धनबाद के जोगता थाना क्षेत्र के हटिया के पास सात नंबर में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तड़के करीब 3 बजे अचानक धरती फटी और तेज धमाके के साथ एक पूरा घर जमीन में समा गया। घर के अंदर बच्चे और परिवार के सदस्य सो रहे थे, लेकिन किस्मत ने साथ दिया और तेज आवाज से सभी जाग गए। जान बचाने के लिए लोग आधी रात को छप्पर तोड़कर बाहर भागे। भू-धंसान की भयावहता इतनी अधिक थी कि आसपास की जमीन भी दरक गई और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। कई अन्य घरों में भी दरारें आ गई हैं, जिससे लोग अपने ही घरों में रहने से डर रहे हैं।

पीड़िता कल्याणी देवी ने बताया, “तीन बजे के करीब जोरदार आवाज हुई, लगा भूकंप आ गया हो। लेकिन देखते ही देखते घर जमीन में समा गया। हमने किसी तरह बच्चों को लेकर भागकर जान बचाई। घर का सारा सामान चावल, दाल, कपड़े, सब कुछ जमीन के नीचे चला गया। अब हमारे पास खाने और पहनने के लिए कुछ भी नहीं बचा है।” स्थानीय राजो देवी ने बताया कि पीड़ित परिवार ने ब्याज पर पैसे लेकर ये घर बनाया था। अब जब घर ही नहीं बचा, तो सरकार और बीसीसीएल को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मुआवजा सिर्फ घर का नहीं, बल्कि आर्थिक नुकसान और मानसिक पीड़ा का भी मिलना चाहिए।

स्थानीय निवासी इंद्रदेव भुइयां ने प्रशासन और बीसीसीएल पर सीधा आरोप लगाया “लोग बार-बार शिकायत करते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। जब हादसा हो जाता है तब भी अधिकारी चुप रहते हैं। अगर पहले कदम उठाए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था।”


Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More