NewsSaga Desk
पूर्वी चंपारण | शराब तस्कर अब तस्करी के रोज नये-नये हथकंडे अपना रहे हैं। इसी क्रम में हरैया थाना पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को दबोचा है, जो मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में तहखाना बनाकर नेपाल से शराब की खेप लाया करता था। टंकी को इस तरह से डिजाइन किया गया था कि सामान्य जांच में यह राज खुलना लगभग असंभव था।
इसी बीच हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की एक बाइक के पेट्रोल टंकी के अंदर तहखाना बनाकर शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर सीवान टोला में विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल लेकर आता दिखाई दिया।
जांच के लिए मोटरसाइकिल को रोका गया और जब पेट्रोल टंकी खोली गई तो उसमें तहखाना बना पाया गया। पुलिस ने तहखाने से 12 बोतल बियर और 2 बोतल नेपाली शराब बरामद किया। बरामदगी के साथ ही तस्कर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक जोकियारी गांव निवासी शशि महतो है।
पुलिस ने बताया कि तस्कर लंबे समय से इस अनोखे तरीके से शराब की तस्करी कर रहा था। दिनभर वह मोटरसाइकिल की टंकी के तहखाने में शराब छुपाकर आसानी से सीमा पार करता था और सामान्य चेकिंग में पुलिस को शक भी नहीं होता था।
उन्होंने कहा कि आरोपित के खिलाफ चोरी और शराब तस्करी दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और चोरी की मोटरसाइकिल तस्कर तक कैसे पहुंची।
No Comment! Be the first one.