चाईबासा में दिनदहाड़े 5 लाख की लूट, बैंक कर्मचारी से पैसों से भरा बैग छीना

News Saga Desk

चाईबासा। चाईबासा शहर के बीचों-बीच स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के बाहर शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। आईबीपी पेट्रोल पंप के मालिक पुनीत सेठिया के कर्मचारी विमलेश कुमार और संजय नदी बैंक में 5 लाख जमा करने पहुंचे थे, तभी यह घटना घटी। जैसे ही दोनों कर्मचारी बैंक के गेट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने रिवॉल्वर के बट से विमलेश कुमार को घायल किया और पिस्तौल की नोक पर कैश से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना कुछ ही सेकंड में घटित हुई, जिससे मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस वारदात के बावजूद किसी ने बदमाशों को रोकने की कोशिश नहीं की। लूट की पूरी घटना बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल विमलेश को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विमलेश ने पुलिस को बताया कि वह और संजय मोटरसाइकिल से बैंक पहुंचे थे। एक साथी बाइक लॉक कर रहा था, जबकि वह बैग लेकर बैंक की ओर जा रहा था। तभी बाइक सवार तीन युवकों ने अचानक हमला कर बैग लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए इलाके में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही लुटेरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।


Read More News

Read More