तदाशा मिश्रा बनीं झारखंड की नई प्रभारी डीजीपी, अनुराग गुप्ता का स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति आवेदन स्वीकार

NEWS SAGA DESK

रांची। झारखंड सरकार ने गुरुवार की रात एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव तदाशा मिश्रा को राज्य का प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। साथ ही, वर्तमान डीजीपी अनुराग गुप्ता के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के आवेदन को भी स्वीकार कर लिया गया है। गुप्ता ने मंगलवार की शाम डीजीपी पद से हटाने का अनुरोध सरकार को सौंपा था, जिसके बाद से ही नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर मंथन चल रहा था। अंततः गुरुवार रात करीब 10 बजे सरकार ने तदाशा मिश्रा की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी। गौरतलब है कि अनुराग गुप्ता की डीजीपी नियुक्ति शुरू से ही विवादों में रही। केंद्र सरकार ने इस निर्णय को गलत ठहराया था, जबकि महालेखाकार ने उनका वेतन पुर्जा जारी करने से इनकार कर दिया था। बाद में न्यायालय के निर्णय पर निर्भर शर्त के साथ वेतन पुर्जा जारी किया गया। फिलहाल, गुप्ता की नियुक्ति को लेकर मामला हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने अचानक सेवानिवृत्ति का निर्णय क्यों लिया, जबकि उनका कार्यकाल वर्ष 2027 तक था।

Read More News

Read More