NEWS SAGA DESK
चाईबासा। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में शुक्रवार को एक बार फिर नक्सल हिंसा भड़क उठी। जराईकेला थाना क्षेत्र के मारंगपोगा और तेताई के बीच सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच करीब एक घंटे तक भीषण मुठभेड़ हुई।
सूत्रों के अनुसार, कोबरा बटालियन के जवानों और नक्सलियों के बीच कई राउंड गोलीबारी हुई, जिसमें नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
चाईबासा एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है। उन्होंने नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर सरकार की पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। सुरक्षाबलों को मौके से कुछ हथियार मिलने की सूचना है, लेकिन विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, यह इलाका अनल दस्ता और मिसिर बेसरा गिरोह के प्रभाव क्षेत्र में आता है। मुठभेड़ के दौरान अनमोल, असीम मंडल, चमन और अजय महतो जैसे कुख्यात नक्सलियों की मौजूदगी की भी खबर है।
मुठभेड़ के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है और रुक-रुककर गोलीबारी जारी है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। एसपी अमित रेणु ने कहा कि “कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
No Comment! Be the first one.