भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की तैयारी तेज, खूंटी में होगा भव्य राजकीय आयोजन

NEWS SAGA DESK

खूंटी: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ इस बार पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाई जाएगी। इसी को लेकर खूंटी समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। डीसी ने कहा कि 15 नवंबर का दिन झारखंड और खूंटी दोनों के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रम आकर्षक, अनुशासित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हों। उन्होंने सभी अधिकारियों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक बने।

11 नवंबर से शुरू होंगे आयोजन

उपायुक्त ने बताया कि 11 नवंबर से ‘रन फॉर झारखंड’ कार्यक्रम के साथ उत्सवों की शुरुआत होगी। इसके बाद प्रचार रथ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेल प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, चित्रांकन, क्विज, साइकिल रैली और ट्रेकिंग जैसे कई आयोजन होंगे।

उलिहातू में होगा राजकीय बिरसा महोत्सव

इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उलिहातू में राजकीय बिरसा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं, खूंटी कचहरी मैदान में विकास मेले का भी आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियां और योजनाएं प्रदर्शित करेंगे।

18 नवंबर से शुरू होगा ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ कार्यक्रम

डीसी ने बताया कि 18 नवंबर से 15 दिसंबर तक जिले के सभी पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आमजनों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में डीडीसी आलोक कुमार, आईटीडीए परियोजना निदेशक आलोक शिकारी कच्छप, अपर समाहर्ता परमेश्वर मुंडा, डीसीएलआर, डीपीआरओ, जिला खेल, शिक्षा और पर्यटन विभाग के अधिकारी समेत कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Read More News

Read More