NEWS SAGA DESK
राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार देर रात एक बार फिर बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए नगड़ी थाना क्षेत्र में एक युवती को गोली मार दी। घायल युवती की पहचान मनीषा तिर्की के रूप में हुई है, जो कटहल मोड़ स्थित एक दवा दुकान में काम करती है।
जानकारी के अनुसार, मनीषा शनिवार की रात अपनी ड्यूटी खत्म कर सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। जैसे ही वह नगड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास अपने घर के नजदीक पहुंची और स्कूटी से उतरी, तभी पीछे से आए बाइक सवार अज्ञात युवक ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनीषा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि अपराधी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
No Comment! Be the first one.