NEWS SAGA DESK
पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के सीढा गांव में सोमवार देर रात बालू माफियाओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) श्रवण भगत और उनकी टीम को रौंदने की कोशिश की। घटना में अधिकारी और उनकी टीम बाल-बाल बच गई, जबकि ट्रैक्टर पास की एक झोपड़ी में जा घुसा, जिससे वहां बंधे मवेशी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बीडीओ श्रवण भगत अवैध बालू उठाव को रोकने के लिए इलाके में निरीक्षण पर निकले थे। उन्होंने एक बिना नंबर वाले ट्रैक्टर को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए उन्हें कुचलने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर झोपड़ी में जा घुसा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आरोपियों की तलाश में देर रात से ही छापेमारी अभियान जारी है। मंगलवार सुबह बीडीओ श्रवण भगत और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया।
बीडीओ ने बताया कि अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
No Comment! Be the first one.