NEWS SAGA DESK
रामगढ़ जिले के जगेश्वर ओपी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जब हाथियों के झुंड ने दो युवकों को कुचलकर मार डाला। यह हादसा बोकारो से सटे तिलैया अंडरग्राउंड रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। मृतकों की पहचान प्रकाश महतो और चरकू महतो के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक किसी काम से देर रात अपने घर लौट रहे थे, तभी अचानक हाथियों का झुंड उनके सामने आ गया। अंधेरा और घना इलाका होने के कारण वे खुद को बचा नहीं पाए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वन विभाग को जानकारी दी, लेकिन तब तक हाथियों का झुंड आगे बढ़ चुका था।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से इलाके में हाथियों की आवाजाही हो रही थी, लेकिन विभाग ने न तो इलाके में गश्त बढ़ाई और न ही किसी तरह की चेतावनी या सुरक्षा इंतजाम किए।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग केवल औपचारिकता निभाकर लौट जाता था। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भय और गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाए और हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर भगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
No Comment! Be the first one.