NEWS SAGA DESK
जमशेदपुर। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 की मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने महिला विश्वविद्यालय, जमशेदपुर में मतगणना दलों के प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण करते हुए सभी कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए। मतगणना 14 नवंबर को को-ऑपरेटिव कॉलेज में होगी, जहां 15 टेबल पर कुल 20 राउंड में वोटों की गिनती की जाएगी।
जिला प्रशासन ने हर टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की है। प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम की सील जांच, परिणाम पत्रक भरने और नियंत्रण इकाई से डेटा दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। माइक्रो ऑब्जर्वरों को प्रत्येक राउंड में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) मतगणना हॉल में समन्वयक की भूमिका निभाएंगे और किसी भी तकनीकी समस्या का समाधान करेंगे। मतगणना के दौरान वीवीपैट पर्चियों की जांच भी निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए किसी भी स्तर पर त्रुटि या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी, प्रवेश केवल अधिकृत व्यक्तियों को मिलेगा और पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होगी।
No Comment! Be the first one.