झारखंड में बढ़ी ठंड, गुमला में पारा 7 डिग्री तक गिरा, सात जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट

NEWS SAGA DESK

रांची: झारखंड में सर्दी ने इस बार समय से पहले दस्तक दे दी है। जहां लोग अभी गर्म कपड़े निकालने की सोच ही रहे थे, वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह की धुंध, ठंडी हवाएं और गलन भरी ठिठुरन ने दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड का अहसास करा दिया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के सात जिलों – पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा और गुमला – में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि सुबह और शाम के समय तापमान तेजी से गिर सकता है और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि आने वाले दिनों में नमी और ठंडक दोनों में इजाफा होगा। लोगों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम बाहर निकलते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में बढ़ती ठंड का कारण हिमालयी इलाकों से आने वाली बर्फीली हवाएं हैं। हालांकि वर्तमान में बर्फबारी कम है, लेकिन अगले चार दिनों में इसके बढ़ने की संभावना है, जिससे राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

दिन में हल्की धूप जरूर निकल रही है, लेकिन हवा में इतनी ठंडक घुली है कि धूप में बैठना भी राहत नहीं दे पा रहा। बाइक सवारों और सुबह-शाम बाहर निकलने वालों के लिए यह मौसम अब चुनौतीपूर्ण बन गया है।

Read More News

Read More