झारखंड स्थापना दिवस की तैयारी तेज़, रजत जयंती वर्ष को भव्य रूप देने की तैयारी में राज्य सरकार

News Saga Desk

रांची | झारखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है और राज्य सरकार ने इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने की पूरी तैयारी शुरू कर दी है। आगामी 15 नवम्बर को मनाए जाने वाले राज्य स्थापना दिवस को ‘रजत जयंती वर्ष’ के रूप में भव्य आयोजन के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में आज सूचना भवन सभागार में एग्जीबिशन और इमर्सिव ज़ोन के नोडल पदाधिकारी सह कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता में एक विशेष समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।

दो दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 और 16 नवम्बर को राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में दो दिवसीय विशेष महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राज्य सरकार के सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे, जहां आगंतुकों को सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी मिलेगी। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य आकर्षण भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन जी के जीवन और संघर्ष पर केंद्रित प्रदर्शनी होगी। यह प्रदर्शनी झारखंड के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और संघर्ष की गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगी। इसके साथ ही एक विशेष इमर्सिव ज़ोन तैयार किया जा रहा है, जहां झारखंड की यात्रा, जनजातीय संस्कृति और राज्य के विकास से संबंधित फिल्में एवं दृश्य सामग्री प्रदर्शित की जाएंगी।

कार्यक्रम में आम जनता के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और उनसे जुड़ने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य झारखंड की 25 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए लोगों को राज्य के भविष्य के सपनों से जोड़ना है।

बैठक में पर्यटन विभाग के उपनिदेशक श्री राजीव कुमार, सहायक निदेशक ईशा खंडेलवाल, डॉ. असीम कुमार और अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Read More News

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

रांची पुलिस ने GPS सिस्टम से मजबूत की पेट्रोलिंग, अब कंट्रोल रूम से होगी वाहनों की रियल-टाइम निगरानी

रांची: जिले में पुलिस पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने के लिए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कम्पोजिट...

Read More