गिरिडीह में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, पुलिस जांच में तेज़ी

NEWS SAGA DESK

गिरिडीह। जिले के धनवार थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 62 वर्षीय शांति देवी, पत्नी गंगा सिंह, के रूप में हुई है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने महिला का सिर और धड़ बरामद कर जांच शुरू कर दी।

धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र पाल ने घटना की पुष्टि की। सूचना मिलते ही खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, रात में घर में घुसे हमलावरों ने धारदार हथियार से शांति देवी की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर धड़ से अलग होकर दूर जा गिरा। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। हत्या से इलाके में आक्रोश है और ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस पूरे मामले की क्रमवार जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Read More News

Read More