NEWS SAGA DESK
रांची : झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज झारखंड जगुआर परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस शिविर में जवानों, अधिकारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। झारखंड सरकार के निर्देशानुसार 12 से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं रक्तदान कर इस अभियान की शुरुआत की थी और लोगों को प्रेरित किया था। इस पुनीत कार्य का उद्देश्य स्थापना दिवस को सेवा और समर्पण के भाव से मनाना तथा ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को दूर करने में योगदान देना है। शिविर में पुलिस महानिरीक्षक झारखंड जगुआर (एस.टी.एफ.) अनूप बिर्से, पुलिस उपमहानिरीक्षक झारखंड जगुआर (एस.टी.एफ.) इरशाद मलिक, पुलिस उपाधीक्षक (एस.टी.एफ.) अजीत कुमार समेत वरिष्ठ पदाधिकारियों और कर्मियों ने रक्तदान किया। शिविर में कुल 40 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिर्से ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जीवनदायिनी महादान है और यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं को धन्यवाद दिया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
No Comment! Be the first one.