कांग्रेस ने शुरू किया नेशनल मीडिया टैलेंट हंट, झारखंड में जल्द होगी शुरुआत

NEWS SAGA DESK

कांग्रेस ने पूरे देश में नए प्रवक्ताओं के चयन के लिए नेशनल मीडिया टैलेंट हंट प्रोग्राम की शुरुआत की है। झारखंड में भी इस पहल को जल्द लागू किया जाएगा। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जानकारी दी कि एआईसीसी की इस योजना के तहत प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर पर नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए झारखंड को सात जोन में बांटा गया है। प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुंजनी, लालकिशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, कमल ठाकुर और गजेंद्र सिंह शामिल थे।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चयन प्रक्रिया में कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा, वैचारिक स्पष्टता, राजनीतिक समझ, बेहतर संचार कौशल, मीडिया में सहज उपस्थिति और संवैधानिक मूल्यों की समझ को प्राथमिकता दी जाएगी। यह पूरा अभियान संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत संचालित होगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य और दायरा

पूर्वी भारत (उड़ीसा, बिहार, झारखंड और बंगाल) के प्रभारी तथा एआईसीसी प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने कहा कि यह कार्यक्रम उन लोगों को मंच देने का प्रयास है जिनमें संविधान, प्रस्तावना और भारतीय राजनीति की गहरी समझ है। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि संगठन में नए लोग सीधे संवाद और प्रतिभा के आधार पर आएं, न कि किसी नेता की सिफारिश से। देश को छह जोन में विभाजित कर इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसमें एनजीओ, मीडिया और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर सरकारी तंत्र और सोशल मीडिया को नियंत्रित करने का आरोप लगाया। पाटिल ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है और चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर उठ रहे सवाल चिंता का विषय हैं।

Read More News

Read More