एकलव्य स्कूल में तीन छात्राएं ‘झाड़-फूंक’ के शक में बाहर भेजी गईं, जांच में आरोप बेबुनियाद

NEWS SAGA DESK

लातेहार : लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड के मंगरा रोड स्थित एकलव्य विद्यालय में आठवीं कक्षा की तीन छात्राओं को झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र की गतिविधियों के आरोप में स्कूल से बाहर भेजे जाने का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन का दावा है कि छात्राएं देर रात छात्रावास और महिला शिक्षिकाओं के कमरों के बाहर ओझा-गुनी जैसी हरकतें कर रही थीं, जिससे अन्य बच्चियों में डर और अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। इसी आधार पर प्रिंसिपल ने उनके परिजनों को बुलाकर बच्चियों को घर ले जाने और किसी अन्य विद्यालय में दाखिला कराने की सलाह दी।

परिजनों ने स्कूल के इन आरोपों को निराधार बताते हुए पूरे मामले की शिकायत बाल संरक्षण इकाई से की। सोमवार को सदस्य रूबी कुमारी के नेतृत्व में जांच टीम स्कूल पहुंची, लेकिन शुरुआत में उन्हें परिसर में प्रवेश देने से रोक दिया गया। वरीय अधिकारियों को जानकारी देने के बाद ही टीम को स्कूल में प्रवेश मिला। जांच के बाद रूबी कुमारी ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई भी साक्ष्य नहीं मिला। उन्होंने इसे आवासीय विद्यालय की छात्राओं के साथ अनुचित और दुर्भाग्यपूर्ण व्यवहार बताया। पूरी रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई है।

स्कूल प्रिंसिपल कमलेश कुमार का कहना है कि छात्राओं को निष्कासित नहीं किया गया, बल्कि उनके व्यवहार में सुधार न होने पर उन्हें दोबारा घर भेजा गया। वहीं, आईटीडीए लातेहार के निदेशक प्रवीण कुमार गगराई ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। मंगलवार को एक विशेष टीम भेजकर विस्तृत जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Read More News

Read More