पलामू में शिक्षक दंपती पर हमला, चार घंटे तक डकैती, नकदी-गहने लूटकर फरार हुए डकैत

News Saga Desk
पलामू : पलामू जिले के दरनगर थाना क्षेत्र के कुकही के मुगलजान टोला में गुरुवार देर रात करीब 15 डकैतों के गिरोह ने शिक्षक दंपती को बंधक बनाकर उनके घर में चार घंटे तक आतंक मचाया। हथियारबंद डकैतों ने नगदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान लूटने के साथ ही दंपती को बेरहमी से पीटा और धमकी देकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सरस्वती शिशु मंदिर जपला के शिक्षक मृत्युंजय मेहता और उनकी पत्नी पारा शिक्षिका अनिता देवी रात 11 बजे के आसपास सोए थे। इसी दौरान छत से संदिग्ध आवाज सुनकर मृत्युंजय जैसे ही नीचे आए, उनका सामना हथियारबंद डकैत से हो गया। थोड़ी हाथापाई के बाद गिरोह के अन्य सदस्य अंदर घुस गए, जबकि कई डकैत बाहर पहरा देते रहे।

चाकू, पिस्तौल और लोहे की रॉड से लैस डकैतों ने दंपती को मारपीट कर डराया और घर की अलमारी व बक्सों को खंगालकर गहने व नकदी अपने कब्जे में ले ली। इतना ही नहीं, डकैतों ने पीड़ितों को खाना बनाने के लिए मजबूर भी किया। वारदात रात 11 बजे से तड़के 3 बजे तक चलती रही।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। बाद में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस. मो. याकूब ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की।

ग्रामीणों ने घटना के लिए पुलिस की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि चार घंटे तक डकैतों का बेखौफ तांडव क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Read More News

Read More