News Saga desk
पूर्वी सिंहभूम : बोड़ाम थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए एक दर्दनाक हादसे में गांव के प्रतिभाशाली क्रिकेटर परमेश्वर सिंह (32) की जान चली गई। तेज रफ्तार के कारण हुए दुर्घटना के बाद वे पूरी रात सड़क किनारे नाले में घायल अवस्था में पड़े रहे, लेकिन समय पर सहायता न मिलने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, परमेश्वर अपने बीमार पिता के लिए दवाई लेकर घर लौट रहे थे। बेलटांड़-रघुनाथपुर मुख्य सड़क पर मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे नाले के पास गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अंधेरा और सुनसान सड़क होने के कारण उन्हें कोई देख नहीं पाया। शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले चामटा और सासांगडीह गांव के युवकों ने उन्हें देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। बोड़ाम थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा और बाइक जब्त कर ली।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार परमेश्वर एक कुशल क्रिकेटर थे और शुक्रवार से भूला मोड़ में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में पहला मैच खेलने वाले थे। उनकी अचानक मौत से गांव और खेल प्रेमियों में शोक की लहर है।
परमेश्वर अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद घर में कोहराम मचा है और ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और तत्काल मदद की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
No Comment! Be the first one.