झारखंड विधानसभा की रजत जयंती, राज्यपाल का आह्वान,योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे

News Saga Desk

रांचीझारखंड विधानसभा का 25वां स्थापना दिवस शनिवार को राजधानी रांची स्थित विधानसभा परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रजत जयंती समारोह का शुभारंभ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए इस विशेष अवसर के महत्व पर प्रकाश डाला।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विधायकों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि वे न केवल कानून निर्माण में महत्वपूर्ण कड़ी हैं, बल्कि जनता और सरकार के बीच एक सशक्त सेतु भी हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही केवल बहस का मंच नहीं बल्कि नीति निर्माण का केंद्र है, जहां जनता की आशाएं और अपेक्षाएं प्रतिबिंबित होती हैं।
राज्यपाल ने जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा जताई कि वे संविधान की मर्यादा में रहकर स्वस्थ और सकारात्मक बहस को बढ़ावा दें तथा यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष का लक्ष्य सदैव जनकल्याण और विकास होना चाहिए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि बदलाव एक सतत प्रक्रिया है और सरकार की जिम्मेदारी है कि नीतियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने “सेवा का अधिकार” कार्यक्रम को राज्य में प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। साथ ही समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को लेकर अधिकारियों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था के बिना राज्य का आर्थिक विकास संभव नहीं है। उन्होंने सरकार को जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा को वर्ष 2025 का “उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार” प्रदान किया गया। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विधानसभा के छह उत्कृष्ट कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में झारखंड विधानसभा के 25 वर्षों की विधायी यात्रा पर आधारित दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों—“सदन संवाद” और सदस्यों के जीवन परिचय संकलन—का लोकार्पण भी किया गया।

रजत जयंती कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, संसदीय कार्य मंत्री, पूर्व और वर्तमान विधायक तथा कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया और राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Read More News

Read More