दुमका में मसलिया–रानेश्वर मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का निरीक्षण, सीएम ने तेजी से कार्य पूरा करने का दिया निर्देश

News Saga Desk

दुमका। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दुमका जिले के रानेश्वर प्रखंड के मुरगुनी में सिद्धेश्वरी नदी पर निर्माणाधीन मसलिया–रानेश्वर मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना के शेष कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि राज्य के किसानों को शीघ्र सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेगा योजना दुमका के लिए बहुउपयोगी सिद्ध होगी। इससे न केवल खेतों को सिंचाई का बेहतर साधन मिलेगा, बल्कि नदी में उपलब्ध अतिरिक्त पानी का उपयोग जलाशयों और तालाबों में संग्रहित करने के लिए भी किया जा सकेगा। साथ ही, इस परियोजना के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय लोगों के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होने की संभावनाओं पर भी उन्होंने जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक आलोक कुमार सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और सचिव प्रशांत कुमार मौजूद रहे।

निर्माण कार्य कर रही एल एंड टी कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 80% कार्य पूरा हो चुका है। बैराज लगभग तैयार है, 15 गेटों का 90% काम पूरा हो चुका है और तीन में से एक पंप हाउस भी पूर्ण हो चुका है। कंपनी के अनुसार, अगले वर्ष जनवरी तक करीब 6,400 हेक्टेयर भूमि तक भूमिगत पाइपलाइन द्वारा पानी पहुंचाना संभव हो सकेगा।

यह परियोजना 1,313 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही है। इसके तहत मसलिया प्रखंड के 15 पंचायत और रानेश्वर प्रखंड के 4 पंचायतों के कुल 226 गांवों में 22,283 हेक्टेयर भूमि तक सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने नवंबर 2022 में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी थी।

Read More News

Read More