छात्रवृत्ति भुगतान में देरी पर आजसू छात्र संघ सड़कों पर — ‘शिक्षा के लिए भिक्षा जनाक्रोश मार्च’

News Saga Desk

रांची। 2024–25 की लंबित छात्रवृत्ति को लेकर आजसू छात्र संघ गुरुवार को बड़ा आंदोलन करेगा। संगठन बापू वाटिका, मोराबादी से राजभवन तक ’शिक्षा के लिए भिक्षा जनाक्रोश मार्च’ निकालेगा और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा। मार्च का उद्देश्य छात्रवृत्ति में हो रही देरी पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना और छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग को मजबूती से रखना है।

प्रेस वार्ता में आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने बताया कि झारखंड के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लाखों विद्यार्थी पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान का महीनों से इंतज़ार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देरी केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सरकार की उदासीनता और लापरवाही का परिणाम है, जिससे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

आजसू छात्र संघ ने राज्यपाल से मांग की है कि वे छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया में तत्काल हस्तक्षेप करें और राज्य सरकार को निर्देश दें कि ई-कल्याण पोर्टल पर सभी लंबित आवेदनों की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

Read More News

Read More