News Saga Desk
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष 28 नवंबर को पूरा हो रहा है। राज्य सरकार ने इसे ‘नियुक्ति वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी दिन रजत जयंती समारोह का भी समापन होगा, जो 11 नवंबर से जारी था। इस अवसर पर सीएम हेमंत सोरेन रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में लगभग 9,000 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देंगे। हेमंत सोरेन ने वर्ष 2024 में बड़ी जीत के बाद 28 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
मोरहाबादी मैदान में तैयारियों का जायजा
मोरहाबादी मैदान में बड़े पैमाने पर नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह के लिए विशाल मंच बनाया गया है और 10,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्त किया जाएगा और सूचनाएं पहले ही भेज दी गई हैं। अब तक 8,514 उम्मीदवारों की सूची तैयार हो चुकी है।
शिक्षकों की नियुक्ति सबसे अधिक
राज्य में सबसे अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में कुल 8,000 सहायक आचार्यों को नियुक्त किया जाएगा। कक्षा 6 से 8 में गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और भाषा विषय के सफल उम्मीदवारों को शामिल किया जाएगा। पलामू जिले में सबसे अधिक 779 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलेंगे। जिले में कक्षा 1 से 5 के 396, भाषा के 81, गणित एवं विज्ञान के 37 और सामाजिक विज्ञान के 265 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
विभिन्न पदों के लिए नियुक्ति पत्र वितरण
| पद | संख्या |
|---|---|
| सहायक आचार्य | 8,000 |
| उप समाहर्ता | 207 |
| पुलिस उपाधीक्षक | 35 |
| राज्य कर पदाधिकारी | 56 |
| काराधीक्षक | 02 |
| झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी-दो | 10 |
| जिला समादेष्टा | 01 |
| सहायक निबंधक | 08 |
| श्रम अधीक्षक | 14 |
| प्रोबेशन पदाधिकारी | 06 |
| निरीक्षक उत्पाद | 03 |
| कीटपालक | 150 |
No Comment! Be the first one.