News Saga Desk
बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन हो गया, जिसके बाद फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अंतिम संस्कार में अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान, काजोल सहित कई बड़े सितारे पहुंचे। वहीं प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, ऋतिक रोशन, करीना कपूर, वरुण धवन और अन्य सेलेब्स ने सोशल मीडिया के ज़रिए श्रद्धांजलि दी।
एक्टर की याद में 27 नवंबर को मुंबई के ताज लैंड्स एंड में प्रार्थना सभा आयोजित की गई है।
मुमताज़ ने सुनाया दर्द भरा किस्सा
धर्मेंद्र के निधन के बाद एक्ट्रेस मुमताज़ ने उनके साथ बिताए आखिरी दिनों को याद किया। ई-टाइम्स से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह आखिरी बार 2021 में धर्मेंद्र के घर गई थीं। इसके बाद जब एक्टर अस्पताल में भर्ती हुए, तो वह उन्हें देखने पहुँचीं, लेकिन मिलने की अनुमति नहीं मिली।
मुमताज़ ने कहा—
“मैं हॉस्पिटल पहुँची थी, लेकिन स्टाफ ने बताया कि धर्मेंद्र जी वेंटिलेटर पर हैं और किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा। मैं लगभग 30 मिनट तक इंतज़ार करती रही, उम्मीद थी कि शायद मिल पाऊँ… लेकिन मैं उन्हें देखे बिना ही लौट आई।”
कई हिट फिल्मों में नजर आए थे साथ
धर्मेंद्र और मुमताज़ की जोड़ी ने काजल, आदमी और इंसान, मेरे हमदम मेरे दोस्त, लोफर और झील के उस पार जैसी कई सफल फिल्मों में साथ काम किया। धर्मेंद्र के निधन के बाद मुमताज़ ने सोशल मीडिया पर उनकी अनदेखी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा—
“धरम जी आप हमेशा हमारे साथ थे और हमेशा रहेंगे। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे.”
No Comment! Be the first one.