News Saga Desk
रांची। झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के दो कार्यकाल मिलाकर कुल 6 वर्ष पूरे होने पर जहां सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियां गिना रहा है, वहीं विपक्ष भाजपा ने सरकार के कामकाज पर बड़ा हमला बोला है। रांची के हरमू स्थित प्रदेश कार्यालय में भाजपा ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार के 6 साल के कार्यकाल को विफल बताया और आरोप पत्र जारी किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, विधायक नवीन जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। मरांडी ने कहा कि सरकार ने लगातार जनता को भ्रमित किया है और वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में कानून-व्यवस्था बदहाल है और पुलिस संरक्षण में बालू, पत्थर, कोयला व जमीन की लूट जारी है।
मरांडी ने कहा कि चुनाव के दौरान 7 किलो मुफ्त अनाज देने का वादा किया गया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि 5 किलो राशन भी नियमित रूप से नहीं मिल रहा। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी है, जबकि स्कूलों में शिक्षकों के अभाव से शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है।
युवाओं को रोजगार देने के वादे पर भी भाजपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रियाएं सालों तक लंबित रहीं, और जहां परीक्षाएँ हुईं भी तो नियुक्ति पत्र अब तक नहीं दिए गए। मरांडी ने दावा किया कि डिग्री कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय खोलने के वादे भी अधूरे हैं तथा आधारभूत संरचनाएं विकसित नहीं हो पाई हैं।
भाजपा ने सरकार पर जनहित की उपेक्षा और झारखंड को विकास से दूर ले जाने का आरोप लगाते हुए जनता के सामने सरकार की कथित विफलताओं को रखा।
No Comment! Be the first one.