News Saga Desk
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बैटर स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी तय तारीख पर न हो पाने की खबर ने फैन्स को चौंका दिया। 23 नवंबर को दोनों की शादी होनी थी, लेकिन समारोह से ठीक पहले स्मृति के पिता गंभीर रूप से बीमार पड़ गए, जिसके कारण उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस स्थिति से उत्पन्न तनाव में पलाश की तबीयत भी बिगड़ गई और उन्हें भी अस्पताल ले जाना पड़ा। स्मृति के मैनेजर ने स्पष्ट किया कि शादी टलने की वजह सिर्फ उनके पिता की अचानक खराब सेहत है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर अफ़वाहें फैलने लगीं कि शादी स्थगित होने के पीछे कोरियोग्राफर्स की कोई भूमिका रही। यह चर्चाएं इतना बढ़ गईं कि कार्यक्रम से जुड़े कोरियोग्राफर्स नंदिका द्विवेदी और गुलनाज खान को सामने आकर सफाई देनी पड़ी।
नंदिका द्विवेदी का बयान
नंदिका ने धमकियों और लगातार गलत संदेशों के कारण कुछ समय के लिए अपना इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट कर लिया था। बाद में उन्होंने खुलकर प्रतिक्रिया दी और लिखा—
“मेरे खिलाफ फैलाई जा रही बातें पूरी तरह झूठ हैं। यह कहना कि मैंने किसी के रिश्ते को नुकसान पहुंचाया, पूरी तरह निराधार है। इन अफवाहों का असर मेरे मानसिक स्वास्थ्य और परिवार पर पड़ा है। कृपया मेरा नाम इस मामले में न घसीटा जाए। सच्चाई एक दिन सबके सामने आएगी।”
गुलनाज खान की सफाई
दूसरी कोरियोग्राफर गुलनाज खान ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी में प्रतिक्रिया देते हुए लिखा—
“सिर्फ किसी के साथ तस्वीर होने या सोशल रूप से जुड़े होने का मतलब यह नहीं कि हम उनके निजी निर्णयों में शामिल हैं। हमारे बारे में फैलाई जा रही बातें पूरी तरह गलत हैं।”
अब स्थिति क्या है?
स्मृति के पिता और पलाश दोनों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जिसे लेकर फैन्स ने राहत महसूस की है। हालांकि शादी फिलहाल कुछ समय के लिए टाल दी गई है, और नई तारीख की घोषणा आगे की परिस्थितियों पर निर्भर होगी।
No Comment! Be the first one.