NEWS SAGA DESK
रांची : दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तरी तमिलनाडु और पुदुचेरी तट के पास बना गहरा दबाव लगातार उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। सोमवार सुबह तक चक्रवात ‘दितवाह’ लगभग 5 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आगे बढ़ते हुए चेन्नई से करीब 50 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व में केंद्रित रहा। इस मौसमीय प्रणाली का असर झारखंड में भी दिखने लगा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा, जबकि जमशेदपुर सहित कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। रांची और आसपास के जिलों में बादल छाए रहने से दिन के तापमान में मामूली गिरावट महसूस की गई।
3 दिसंबर से शीतलहर की वापसी
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के उप निदेशक डॉ. अभिषेक आनंद ने बताया कि 3 दिसंबर से झारखंड में एक और शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, पूर्वी हवा और चक्रवाती प्रणाली ‘दितवाह’ के मिलेजुले प्रभाव से ठंड में हल्की राहत मिली थी, लेकिन अब तापमान तेजी से गिरने की उम्मीद है।
गुमला सबसे ठंडा जिला
रविवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8°C चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.3°C गुमला में रिकॉर्ड किया गया।
अगले 4 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
• 2 दिसंबर : आसमान में बादल, सुबह हल्का–मध्यम कोहरा।
• 3 दिसंबर : सुबह धुंध या कोहरा, दिन में साफ मौसम।
• 4–7 दिसंबर : न्यूनतम तापमान में 3–4°C और गिरावट, सुबह धुंध, दिन भर साफ आसमान।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि तापमान में गिरावट से ठंड का असर तेजी से बढ़ सकता है।
No Comment! Be the first one.