NEWS SAGA DESK
रांची : राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो बस्ती में सोमवार देर शाम गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। आपसी विवाद के दौरान हुई इस घटना में 25 वर्षीय अरसद अंसारी की गोली लगने से मौत हो गई। गोली उसके सिर में मारी गई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कैसे हुई घटना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अरसद अंसारी और उसी बस्ती में रहने वाले आरोपी तौसीफ अंसारी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर तौसीफ ने अरसद पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद धुर्वा थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इलाके में तनाव, पुलिस जांच जारी
घटना के बाद सीठियो बस्ती और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने मुख्य आरोपी तौसीफ अंसारी सहित अन्य संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और लगातार छापेमारी चल रही है।
जमीन विवाद की वजह सामने आई
हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में जमीन विवाद को लेकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।
No Comment! Be the first one.