शराब घोटाले की जांच में तेजी, IAS अमित कुमार को एसीबी का समन

NEWS SAGA DESK

रांची : झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच में एक और बड़ा कदम उठाते हुए एसीबी ने कमर्शियल टैक्स कमिश्नर और पूर्व उत्पाद आयुक्त IAS अमित कुमार को पूछताछ के लिए तलब किया है। गुरुवार को भेजे गए समन में उन्हें शुक्रवार को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। माना जा रहा है कि उनकी पूछताछ से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। इससे पहले एसीबी ने IAS मुकेश कुमार, मनोज कुमार, जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और रामगढ़ के डीसी फैज अहमद मुमताज से पूछताछ कर चुकी है। जांच में यह बात सामने आई है कि जब अमित कुमार उत्पाद आयुक्त थे, तब विभागीय निविदा से जुड़ी विजन और मार्शन कंपनियों में से एक की बैंक गारंटी फर्जी पाई गई थी, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीबी पहले ही तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय चौबे सहित 13 लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज कर चुकी है। इसी केस में पहली गिरफ्तारी विनय चौबे की हुई थी। एसीबी की एफआईआर के मुताबिक, दो प्लेसमेंट एजेंसियों की फर्जी बैंक गारंटियों की जांच न होने से राज्य को 38.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और इसी के कारण शराब घोटाला संभव हो पाया।

Read More News

Read More