NEWS SAGA DESK
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के चांडिल स्टेशन बस्ती में गुरुवार रात मोदी फास्ट फूड होटल में काम करने वाले कारीगर नागरा सिंह (लगभग 35 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। नागरा सिंह चालियामा गांव के रहने वाले थे और पिछले 10 वर्षों से होटल में कार्यरत थे।
सुबह होटल स्टाफ जब उन्हें जगाने गया तो देखा कि उनके नाक और मुंह से झाग निकल रहा था। तुरंत सूचना पाकर होटल मालिक बाबन मोदी पहुंचे और उन्हें चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है। आशंका है कि मौत हार्ट अटैक या किसी पदार्थ के सेवन से हो सकती है।
दो वर्ष पूर्व नागरा सिंह का विवाह हुआ था और उनकी एक छोटी बेटी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि भोला सिंह सरदार, समाजसेवी निखिल रंजन महतो और नीमडीह पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होटल मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने होटल में सुरक्षा मानकों और कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य करने की मांग भी उठाई है।
No Comment! Be the first one.