NEWS SAGA DESK
धनबाद: केंदुआडीह में जहरीली गैस रिसाव से दो महिलाओं की मौत के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। पीबी एरिया के जीएम जीसी साहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह बीसीसीएल मुख्यालय के जीएम जेके मेहता को पीबी एरिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंत्रालय स्तर से आदेश मिलने के बाद बीसीसीएल कोयला भवन के डीपी मुरली कृष्ण रमैया ने सस्पेंशन की पुष्टि की है। घटना बुधवार को शुरू हुई थी, जब केंदुआडीह के राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला और आसपास के इलाकों में जहरीली गैस का रिसाव फैलने लगा। दो दिनों के भीतर दो महिलाओं की मौत हो गई और कई लोग बीमार हो गए। मामले में लापरवाही और समय पर सही सूचना न देने को लेकर जीएम जीसी साहा पर कार्रवाई की गई है। गुरुवार को डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में बीसीसीएल और अन्य विभागों की बैठक हुई, जिसमें पाया गया कि अधिकारी आपसी समन्वय और सूचना देने में विफल रहे। डीसी ने इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है। उधर, जिला प्रशासन और बीसीसीएल टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में तैनात हैं। बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल भी शुक्रवार को बस्ती और अस्पतालों का दौरा कर पीड़ितों से मिले। बीसीसीएल ने गैस रिसाव वाले क्षेत्रों में इमरजेंसी रिस्पांस टीमों को 24 घंटे सक्रिय कर रखा है। राजपूत बस्ती समेत धंसान और आग प्रभावित क्षेत्रों में सीओ लेवल की जांच की जा रही है। रेस्क्यू, मेडिकल और टेक्निकल टीमें लगातार हालत पर नजर बनाए हुए हैं। स्थिति को देखते हुए बीसीसीएल ने एक विशेष टास्क फोर्स भी बनाई है, जो जरूरतमंद लोगों को मेडिकल सहायता, मनोवैज्ञानिक सपोर्ट और फैमिली काउंसलिंग उपलब्ध करा रही है। रीजनल हॉस्पिटल और फोर्स टीम नियमित दौरा कर भर्ती मरीजों की स्थिति की रिपोर्ट शीर्ष अधिकारियों को भेज रही है। जिला प्रशासन की ओर से भी एंबुलेंस और स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं।
No Comment! Be the first one.